World News

ट्रंप से अधिक हिलेरी क्लिंटन को 57 फीसदी लोगों का समर्थन

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए कराई गई दूसरी बहस के बाद हिलेरी ने ट्रंप पर बड़ी बढ़त बना ली है। बहस के बाद हुए सर्वेक्षणों के मुताबिक, डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन सोमवार को हुई दूसरी बहस के बाद ‘स्पष्ट विजेता’ बनकर उभरीं हैं। बहस देखने वाले लोगों के बीच कराए गए सर्वेक्षण में कहा गया कि हिलेरी इस बहस की स्पष्ट विजेता रहीं क्योंकि सर्वेक्षण में शामिल 57 प्रतिशत लोगों ने हिलेरी के जीतने की बात कही जबकि 34 प्रतिशत ने ट्रंप का समर्थन किया। सर्वेक्षण में ये बताया गया कि पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन को इस सर्वेक्षण ने मजबूत स्थिति में दर्शाया है लेकिन उनका प्रदर्शन पहली बहस जितना अच्छा नहीं रहा। बहस देखने वाले 62 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वह जीती हैं। राष्ट्रपति चुनाव की तीन में से पहली बहस होने के बाद 27 सितंबर को सीएनएन/ओआरसी ने सर्वेक्षण कराया था। तब लगभग 62 प्रतिशत मतदाताओं ने हिलेरी को स्पष्ट विजेता बताया था। ट्रंप को महज 27 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला था। इन नतीजों में बहस शुरू होने से पहले दर्शकों की पसंद पर भी गौर किया जाता है। बहस देखने वाले 58 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे बहस से पहले हिलेरी का समर्थन कर रहे थे। बहस के बाद कराए गए यूजीओवी के सर्वेक्षण में कल की बहस देखने वाले 812 पंजीकृत मतदाताओं का साक्षात्कार लिया गया। इनके अनुसार, हिलेरी ने 47 प्रतिशत लोगों के समर्थन के साथ बहस जीत ली जबकि ट्रंप के हिस्से में 42 प्रतिशत मत आए। आपको बता दें कि राष्ट्रपति चुनावों से पहले अभी ट्रंप और हिलेरी के बीच एक और बहस होना बाकी है।

To Top