Udham Singh Nagar News

कमाल है उत्तराखंड:पिता बेचते हैं मूंगफली,बेटे ने इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कराया नाम

देहरादून: राज्य की प्रतिभा अपने काम से पहचान बनाने के लिए विख्यात है। उत्तराखंड के लोग प्रत्येक क्षेत्र में अपना लोहा मनवा रहे हैं। कई बार पूरा देश प्रतिभा को देखकर हैरान हो जाता है। ऐसा ही कुछ किया है ऊधमसिंह नगर जिले में रम्पुरा के 15 वर्षीय अभिषेक चंद्रा ने… उन्होंने एक मिनट 58 सेकेंड में संयुक्त राष्ट्र संघ में सूचीबद्ध सभी देशों का नाम बताए हैं।

इसके साथ ही उनका नाम इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है।वह वीडियो संस्था ने अपने यू ट्यूब और सोशल मीडिया अकाउंट पर भी अपलोड किया है। उन्हें एक प्रमाणपत्र और मेडल भी भेजा गया है। इस खबर के सामने आने के बाद अभिषेक चंद्रा को बधाई मिल रही है।

अभिषेक चंद्रा रुद्रपुर के रम्पुरा वार्ड नंबर 23 के रहने वाले हैं। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। पिता राजकुमार चंद्रा गांधी पार्क में मूंगफली का ठेला लगाते हैं। तो अभिषेक अपना ट्यूशन खर्च निकालने के लिए सुबह अखबार बांटते हैं। अभिषेक आदित्यनाथ झा इंटर कॉलेज में 11वीं के छात्र हैं।

अभिषेक का कहना है कि कुछ वक्त पहले उन्होंने सबसे ऊंचा धनिये का पौधा उगाने का रिकाॅर्ड बनाने वाले व्यक्ति की खबर पढ़ी थी। इसके बाद उन्होंने भी फैसला किया कि वह भी इस किताब में अपना नाम दर्ज कराएंगे। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी। उन्होंने विश्व के देशों के नाम याद करने शुरू किया।

लगातार मेहनत करने के बाद अभिषेक ने काफी कम वक्त में ही अपनी तैयारी पूरी कर ली थी। उन्होंने उसके बाद इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया। उन्होंने व्हाट्सएप पर उन्हें वीडियो भेजी। वह इस परीक्षा में खरे उतरे। उन्होंने 4 पड़ावों को पार किया और वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस का खिताब अपने नाम किया।  

जिस दौर पर युवा गेम और सोशल मीडिया पर व्यस्त रहते हैं लेकिन अभिषेक कहते हैं कि इंटरनेट का सही इस्तेमाल काफी मदद करता है। मैं काफी कुछ इंटरनेट से सीखता हूं। अभिषेक इंजीनियर बनना चाहते हैं। वह पढ़ाई में भी अच्छे हैं। उन्होंने हाईस्कूल में 89.4 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। 

To Top