Uttarakhand News

मौसम विभाग का अलर्ट, उत्तराखंड में 11 और 12 को फिर मौसम का बदलेगा मिजाज

हल्द्वानीः उत्तराखंड में 11 और 12 जून को एक बार फिर मौसम करवट लेगा। पूरा राज्य प्रचंड गर्मी की चपेट मे है। गर्मी दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। तापमान ने पिछले सभी रिकोर्ड तोड़ दिये हैं। मैदानी इलाकों के लोगों के अलावा पहाड़ी क्षेत्र के लोग भी गर्मी से परेशान है। पिछले दो दिनो से सूरज खूब ताबड़तोड़ आग उगल रहा है। मैदानी क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 11 और 12 जून को मैदानी क्षेत्रों में बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में ओलावृष्टि हो सकती है।

रविवार को सुबह से ही प्रचंड धूप खिली हुई थी। वहीं दक्षिण पूर्व दिशा से चली हवा के कारण गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिली। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 39.9 और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं नैनीताल का अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहा।

देहरादून समेत आसपास के इलाकों में रविवार को गर्मी और उमस से लोग बेहाल रहे। अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार को कुछ इलाकों में हल्के बादल छाने का अनुमान है। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार सोमवार को दून का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार हो सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।
उत्तराखंड में इस बार मानसून करीब आठ दिन देरी से दस्तक देगा। मौसम विभाग का मानना है कि अमूमन उत्तराखंड में मानसून 22-23 जून तक पहुंचता है, लेकिन इस बार मानसून के एक जुलाई तक आने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश में 20 जून से प्री मानसून शावर शुरू हो जाएंगे। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून कि निदेशक बिक्रम सिंह का कहना है इस बार उत्तराखंड में मानसूनी वर्षा सामान्य रहेगी। प्री मानसून से मानसून के बीच प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने रहेंगें।
To Top