National News

हार के बाद कांग्रेस का ट्वीट- कहा मोदी सरकार के साथ काम करने को हैं तैयार

नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लगातार दूसरी बार भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उन्हें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने ट्विटर पर प्रधानमंत्री को उनकी दूसरी पारी के लिए बधाई दी। बधाई देते हुए कांग्रेस ने ट्वीट में लिखा कि वह भारत और उसके नागरिकों की प्रगति और विकास में नई सरकार के साथ काम करने को तैयार हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण की बात करें तो उन्होंने आठ हजार मेहमानों को इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया था। मोदी ने 57 कैबिनेट मंत्रियों के साथ शपथ ली। नई सरकार के शपथ ग्रहण के दौरान कांग्रेस ने ट्वीट किया, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नए कैबिनेट मंत्रियों को बधाई।  हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं और भारत और उसके नागरिकों की प्रगति और विकास के लिए साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं।’ बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार के नए मंत्रियों के इस शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, यूपीए की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी शामिल हुए। 2019 के लोकसभा चुनावों के बाद लगातार दूसरी बार ऐसा हुआ है जब कांग्रेस को नेता प्रतिपक्ष बनने के लिए जरूरी 55 सीटें तक नहीं मिल पाई हैं। इस लोकसभा चुनाव के दौरान उसके केवल 52 सांसद ही चुने गए हैं। जबकि भाजपा को जनता ने 303 सीटों पर प्रचंड जीत दिलाई है। पिछली बार कांग्रेस को केवल 44 लोकसभा सीटों से संतोष करना पड़ा था।

WARTS की परेशानी मिलेगा निजात, जरूर देखे साहस होम्योपैथिक टिप्स

To Top