Nainital-Haldwani News

नैनीताल जिले में मृत युवक की कोरोना रिपोर्ट आई पॉजिटिव

नैनीताल जिले में मृत युवक की कोरोना रिपोर्ट आई पॉजिटिव

नैनीताल जिले में एक मृतक की कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है। मामला गुरुवार का है। युवक लीवर के कैंसर से पीडित था। वह दिल्ली से नैनीताल जिले में पहुंचा था। इसके बाद प्रशासन ने उसे होम क्वारंटाइन किया था।

खबर के अनुसार रामनगर निवासी 32 वर्षीय युवक दिल्ली में नौकरी करता था। पेशे से वह इंजीनियर था। चार महीने से वह लीवर कैंसर से पीड़ित था और उसका इलाज राजीव गांधी मेमोरियल कैंसर हॉस्पिटल रोहिणी से चल रहा था। परिजन 25 मई को एंबुलेंस से रामनगर लेकर आए थे, प्रशासन ने उसे होम क्वारंटाइन किया था। इसके बाद 26 मई को युवक के सैंपल कोरोना वायरस जांच के लिए भेजे गए थे।

गुरुवार की सुबह साढ़े दस बजे युवक की मौत हो गई और इसके आधे घंटे बाद ही युवक की जांच रिपोर्ट आई, जिसमें वह कोरोना पॉजिटिव निकला। युवक के अंतिम संस्कार के बाद उसके पूरे परिवार को क्वारंटाइन किए जानें की बात कही जा रही है। इस मामले के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। मृतक और परिवार के संपर्क में आए लोगों की लिस्ट भी प्रशासन निकालेगा।

बताया जा रहा है कि युवक का दो साल पहले ही विवाह हुआ था। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। कोरोना से प्रदेश में यह पांचवी मौत है। इससे पहले 4 मौतें हो चुकी है। हालांकि सभी मृतकों को कई गंभीर बिमारियां थी। रामनगर के कोरोना पॉजिटिव युवक को भी कैंसर था। इससे पहले ऋषिकेश एम्स में दो महिलाओं की मौत हुई थी जिसमे से एक नैनीताल की थी जिसे कैंसर सहित कई गंभीर बिमारियां थी। वहीं चमोली में एक गर्भवती महिला की मौत हुई थी जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। एक टिहरी के युवक की मौत हुई थी जो कि कोरोना से संक्रमित था।

To Top