Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी जेल में एक कैदी ने की दूसरे कैदी की हत्या, जिला प्रशासन में हड़कंप

हल्द्वानी: कोरोना वायरस के चलते शहर में लागू लॉकडाउन के बीच बड़ी खबर सामने आ रही है। हल्द्वानी जेल में उपकारागार में एक कैदी की अन्य कैदी ने हत्या कर दी। खबर के मुताबिक दोनों के बीच लड़ाई हुई थी, जिसमें एक कैदी ने दूसरे कैदी पर ताबड़तोड़ वार कर दिये। इस घटना के बाद हड़कंप मच गया है। घायल कैदी को उपचार के लिए बेस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी कैदी छेडख़ानी के आरोप में बंद है जबकि मृतक डकैती के आरोप में बंद है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय बाजपुर निवासी शानू पुत्र नन्हे के रूप में हुई है।

जेलर संजीव ह्यांकी ने आरोपी कैदी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने जानकारी दी कि शानू डकैती कांड के आरोप में चार मार्च से जेल में बंद था। वहीं हल्द्वानी के दमुवाढूंगा निवासी आलोक नेगी पुत्र रमेश सिंह भी छेड़छाड़ के आरोप में छह मार्च को जेल में लाया गया था। दोनों बैरक नंबर एक मे थे। रविवार रात खाना खाने के बाद सभी कैदी टीवी देख रहे थे।

इसी दौरान दोनों बीच झगड़ा हो गया। इस बहस में आलोक ने आपा खो दिया। उसने गुस्से में शानू के सीने पर कई वार किए। जेल प्रशासन को इसकी जानकारी हुई तो घायल का प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद शानू को एसटीएच ले गए लेकिन उपचार नहीं मिला। उसे बेस हॉस्पिटल ले जाया गया। बेस के चिकित्सकों ने शानू को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस वारदात के बाद परिसर में सनसनी फैल गई है।

To Top