Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी लाइवः ट्रैक्टर ट्रॉली ने 4 लोगों को बेरहमी से कुचल डाला, 3 लोगों की मौत

हल्द्वानीः क्षेत्र में सड़क हादसों का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। सड़क हादसों का मुख्य कारण यातायात के नियमों की अनदेखी करना होता है। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा उधमसिंहनगर से सामने आया है। जहां सड़क पर काल बनकर दौड़ रही ट्रैक्टर ट्रॉली ने दंपती समेत चार लोगों को कुचल दिया। हादसे में दंपती समेत 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बता दें घटना गदरपुर की है। जहां रामपुर क्षेत्र में रेता बजरी उतारने के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली वापस लौट रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर ने रोड किनारे चल रहे दंपती को कुचल दिया। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ को देख चालक डर गया और उसने ट्रैक्टर ट्रॉली दौड़ा दी। कुछ लोग उसका पीछा करने लगे। बुरहानपुर गांव में लोगों ने रोड पर बेंच लगाकर ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश भी की, पर ट्रैक्टर चालक बेंच को तोड़ते हुए भाग निकला। इसी दौरान बामन पुरी गांव के पास ट्रैक्टर ने दो बाइक सवारों को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार सोमपाल उम्र 40 साल की मौत हो गई। वहीं दूसरा बाइक सवार राम सिंह भी गंभीर रूप से घायल है।

मजरा धोनी सकैनिया पहुंचने पर लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। और उसकी जमकर पिटाई की। लोगों ने ट्रैक्टर ट्रॉली को फूंकने की भी कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस चालक और ट्रैक्टर ट्रॉली को थाने ले आई। हादसे के शिकार लोग उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उत्तराखंड पुलिस ने आरोपी चालक और ट्रैक्टर ट्रॉली को यूपी पुलिस के हवाले कर दिया है। वहीं मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है।

To Top