Sports News

भारतीय हॉकी टीम ने एशिया कप जीत की लगाई हैट्रिक

नई दिल्ली: भारतीय हॉकी टीम ने दिवाली का तोहफा देशवासियों को दिया है। यह तोहफा दिवाली के बाद आया है लेकिन पूरे देश ने इस स्वीकार किया है। भारत ने एशिया कप के फाइनल में  शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को 2-1 से हराया। भारत ने तीसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया है। फाइनल मुकाबला ढाका में खेला गया था। भारत के आक्रमक रूप के आगे मलेशिया की टीम भारत के सामने प्रभाव छोड़ पाने में नाकाम रही। भारतीय टीम ने तीसरी बार एशिया कप का खिताब जीता, इससे पहले उसने 2003 में कुआलालम्पुर और 2007 में चेन्नई में इस टूर्नामेंट को जीता था।

भारत ने मैच के पहले मिनट से ही आक्रामक खेल दिखाया। मैच के तीसरे ही मिनट में रमनदीप सिंह ने भारत के लिए पहला गोल दागते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।  उसके बाद 29वें मिनट में ललित उपाध्याय ने भारत के लिए गोल दागते हुए बढ़त 2-0 कर दी।मलेशिया ने वापसी करते हुए 51वें मिनट में शाहरिल शाबाह के गोल की बदौलत स्कोर 2-1 कर दिया, लेकिन वह भारत की बराबरी करने में नाकाम रहा और खिताब भारत ने जीत लिया।

इस खिताबी जीत के साथ टीम इंडिया ने पाकिस्तान के सर्वाधिक तीन बार एशिया कप जीतने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। भारत ने पाकिस्तान को एशिया कप में दो बार हराया ।तीसरे स्थान के लिए  खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने दक्षिण कोरिया को 6-3 से मात देकर ब्रॉन्ज मेडल जीता।

To Top