National News

स्थिति चिंताजनक, लॉकडॉउन-2 में फिलहाल कोई छूट नहीं: सीएम

नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस के चलते सभी कुछ अस्त-व्यस्त हो गया है। संक्रमितों का आंकड़ा 15 हजार पार कर गया है। वहीं 500 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। ग्राफ में गिरावट ना होने के बाद ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन को बढ़ाते हुए 3 मई तक लागू कर दिया है। राजधानी दिल्ली के हालात भी कुछ ठीक नहीं हैं।

दिल्ली के कई इलाकों को हॉटस्पॉट घोषित कर सील किया गया है। इसके बाद भी अब तक लोगों को इससे राहत नहीं मिल पाई है। दिल्ली में शनिवार को कुल 186 नए मामले सामने आए। इसी के साथ राजधानी में अब कुल संक्रमितों की संख्या 1893 हो गई है। वहीं देर रात गुरुग्राम में एक मरीज की मौत हो गई। मामलों को बढ़ता देख सीएम अरविंद केजरीवाल ने बड़ा बयान दिया है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा कि लॉकडाउन की वजह से देश में अभी भी महामारी विकराल रूप नहीं ले पाई है। हम भी चाहते हैं कि लॉकडाउन खोला जाए लेकिन ऐसा करने की इजाजत स्थिति नहीं दे रही है। दिल्ली में लॉकडाउन में किसी प्रकार की कोई छूट नहीं है। एक हफ्ते के बाद हम दोबारा से जांच करेंगे कि क्या करना है। बता दें कि दिल्ली में 11 जिले हैं और 11 के 11 जिले हॉट स्पॉट घोषित किए गए हैं।पूरे देश की 2 प्रतिशत जनसंख्या दिल्ली में रहती है लेकिन पूरे देश में कोरोना के जितने मामले हैं उसके 12 प्रतिशत दिल्ली में हैं। सबसे ज्यादा मार दिल्ली को झेलनी पड़ी। इसके चलते लॉकडाउन की शर्तों में कोई ढिलाई नहीं दी जाएगी। एक हफ्ते बाद हम दोबारा विशेषज्ञों के साथ बैठकर इसका मूल्यांकन करेंगे और जरूरत पड़ी तो ढिलाई दे सकते हैं।

सीएम केजरीवाल ने जानकारी दी कि दिल्ली में 77 कंटेनमेंट ज़ोन हैं। कोरोना तेजी बढ़ जरूर रहा है लेकिन स्थिति कंट्रोल में है। आज दिल्ली में 1,893 केस हैं। 26 मरीज ICU में हैं और 6 वेंटिलेटर पर हैं।

To Top