National News

छत्तीसगढ़:नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में चार बीएसएफ जवान शहीद

नई दिल्ली:चुनाव का बहिष्कार कर रहे नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ में कांकेर जिले के पंखाजूर में गुरुवार को बीएसएफ की सर्चिंग टीम पर हमला किया। इस हमले में एक एएसआई समेत चार जवान शहीद हो गए। बता दें कि बस्तर का यह इलाका महाराष्ट्र बॉर्डर से लगा है। एंटी नक्सल ऑपरेशन के डीआईजी सुंदराज पी ने जानकारी दी कि  गुरुवार सुबह नक्सलियों की लोकेशन मिलने पर बीएसएफ-114 बटालियन के जवान सर्च मिशन पर निकले थे।

पंखाजूर से करीब 35 किमी दूर प्रतापुर थाना क्षेत्र में मोहला के जंगलों में नक्सलियों ने  जवानों पर हमला कर दिया। वो उनका इंतजार कर रहे थे। इसमें एक जवान ई रामकृष्णन की मौके पर ही मौत हो गई। तीन जवानों ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।

देश में लोकसभा चुनाव का माहौल है। दूसरे चरण का मतदान 18 अप्रैल को कांकेर में मतदान होना है। छत्तीसगढ़ में तीन चरणों- 11 अप्रैल, 18 अप्रैल और 23 अप्रैल को चुनाव होंगे। 23 मई को मतगणना होगी। इससे पहले 31 मार्च को तीन माओवादी जिसमें एक महिला भी शामिल थी उन्हें दंतेवाड़ा जिले से गिरफ्तार किया गया था।

यह सभी चुनाव के दौरान सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए कथित तौर पर बम प्लांट करने वाले थे। कुछ दिन पहले ही नक्सलियों ने पर्चे फेंककर चुनाव का विरोध कर लोगों को मतदान ना करने की चेतावनी दी थी। बता दें कि पिछले छह महीने में नक्सलियों ने तीसरी बार बीएसएफ जवानों को निशाना बनाया।

इससे पहले विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले 11 नंबवर को बीएसएफ जवानों पर हमला किया था। इसमें एसआई महेंद्र कुमार शहीद हो गए थे। दूसरा हमला 14 नवंबर को जवानों के चुनाव ड्यूटी से लौटते समय किया। हालांकि, इस हमले को नाकाम कर दिया गया था।

To Top