National News

CAA विरोध: बेंगलुरु में DCP ने गाया राष्ट्रगान, वापस लौटे प्रदर्शनकारी

नई दिल्ली: भारत सरकार द्वारा नागरिकता कानून (CAA) के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। कर्नाटक में भी इसे लेकर विरोध किया जा रहा है। वहीं देश के कई हिस्सों से प्रदर्शन के दौरान हिंसा की जानकारी सामने आ रही है। सोशल मीडिया में भी इसे लेकर बहस जारी है। विवाद के बीच एक ऐसी खबर भी सामने आ रही है जो एक भारत श्रेष्ठ भारत की तस्वीर को बयां करती है। बेंगलुरु में गुरुवार को CAA के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान सेंट्रल के DCP चेतन सिंह राठौर ने प्रदर्शनकारियों के बीच घुसकर उन्हें एकता की समझाइश देकर ऐसी मिसाल पेश की जो सभी देशवासियों के दिल को छू गई।इसके बाद प्रदर्शनकारी भी डीसीपी राठौर के सुर में सुर मिलाते नजर आने लगे।

CAA को लेकर बेंगलुरु के टाउन हॉल में गुरुवार को विरोध प्रदर्शन हो रहा था। इस दौरान सुरक्षा की कमान DCP चेतन सिंह राठौर के पास दी। जब DCP को लगा कि माहौल गरमाता सकता है तो वह खुद भीड़ के बीच में घुस गए और प्रदर्शनकारियों को समझाया। उन्होंने सभी को उन पर भरोसा रखने का कहा और साथ मिलकर राष्ट्रगान जन गण मन गाने का कहा।

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें डीसीपी राठौर सभी प्रदर्शनकारियों को जन गण मन साथ गाने का कह रहे हैं। इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी डीसीपी के सुर में सुर मिलाते हुए राष्ट्रगान गा रहे हैं। इसके पूर्व डीसीपी राठौर ने लोगों को समझाया कि विरोध को कुछ लोग खराब करते हैं और उसकी सजा सभी लोगों को मिलेगी जो गलत है। बता दें कि विरोध प्रदर्शन को देखते हुए गुरुवार सुबह 6 बजे से अगले तीन दिनों तक बेंगलुरु में धारा 144 को लागू किया गया है।

To Top