Sports News

धोनी के संन्यास पर लता मंगेश्कर का ट्वीट, कही मन की बात, हो जाएंगे भावुक

नई दिल्ली: भारतीय टीम विश्वकप 2019 से बाहर हो गई है। विश्वकप के पहले सेमीफाइनल में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड ने 18 रनों से हराया। इस मुकाबले में भारत की हार के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि टीम इंडिया के महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट को अलविदा बोल देंगे। फिलहाल ये तो तय है कि 2019 विश्वकप धोनी का आखिरी विश्वकप था।

धोनी के संन्यास का विषय खूब सुर्खियों में रह रहा है। क्रिकेट विशेषज्ञों और सेलेब्रिटी लगातार इस पर अपनी बात रख रहे हैं। धोनी के फैंस उनसे संन्यास ना लेने की मांग कर रहे हैं। इस क्रम में स्वर कोकिला लता मंगेश्कर ने भी धोनी के संन्यास पर अपनी राय रखी है। लता मंगेश्कर ने ट्वीट करके लिखा कि नमस्कार एमएस धोनी जी, आज कल मैं सुन रही हूं कि आप रिटायर होना चाहते हैं। कृपया ऐसा मत सोचिए. देश को आपके खेल की जरूरत है और यह मेरी भी रिक्वेस्ट है कि रिटायरमेंट का ख्याल अपने मन में ना लाएं।’

टीम इंडिया की हार के बाद लता मंगेशकर ने टीम का हौसला बढ़ाने लिए गुलजार साहब का लिखा गाना ‘आकाश के उस पार भी’ भी सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने आगे लिखा, ‘कल भले ही हम ना जीत पाए हो लेकिन हम हारे नहीं है। गुलजार साहब का क्रिकेट के लिए लिखा हुआ ये गीत मैं अपनी टीम के लिए डेडीकेट करती हूं।’

आईपीएल में धोनी की टीम से खेलने वाले डीजे ब्रावों ने भी धोनी के संन्यास पर बात कर रहे लोगों पर निशाना साधा है। उन्होंने धोनी की तारीफ की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पता नहीं क्यों कुछ मीडिया के लोग और पूर्व खिलाड़ी हर बार महेंद्र सिंह धोनी की खेल पर सवाल उठाते हैं। लोग क्यों दुनिया के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक धोनी के खेल का सिर्फ लुत्फ नहीं उठा सकते। हम भाग्यशाली हैं कि हम उस पीढ़ी में है जहां हम उन्हें खेलते देख पा रहे हैं।’

सेमीफाइनल में धोनी और जडेजा ने शतकीय साझेदारी कर टीम इंडिया को मुकाबले में वापस ला दिया था लेकिन दोनों के आउट होने के बाद टीम इंडिया 18 रनों से ये मुकाबला हार गई। बता दें कि टीम इंडिया 5 रन के भीतर अपने तीन विकेट खो दिए थे और वो 240 रनों का लक्ष्य का पीछा कर रही थी।

To Top