Sports News

क्या धोनी नो बॉल पर आउट हुए ! क्या अंपायर से हुई गलती !

नई दिल्ली: टीम इंडिया लगातार दूसरी बार विश्वकप के सेमीफाइनल में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को विश्वकप 2019 के पहले सेमीफाइनल में 18 रनों से मात दी। टीम इंडिया को न्यूजीलैंड ने 240 रनों का लक्ष्य दिया था। भारत के पहले तीन विकेट मात्र 5 रन पर गिर गए थे। पांड्या और पंत 32-32 रनों की छोटी पारियों को बड़े स्कोर में तब्दील करने में कामयाब नहीं हुए। रवींद्र जडेजा (77) और महेंद्र सिंह धौनी (50) ने सातवें विकेट के लिए 116 रनों की साझेदारी कर भारत को जीत के करीब पहुंचाया, लेकिन इन दोनों खिलाड़ियों के आउट होने के बाद भारत की सभी उम्मीदें खत्म हो गईं।

महेंद्र सिंह धोनी 49वें ओवर की 3 गेंद पर दो रन लेने के चक्कर में रन आउट हो गए। धोनी इस ओवर में एक छक्का लगा चुके थे। दूसरे छोर पर भुवनेश्वर कुमार थे। गप्टिल के शानदार डायरेक्ट थ्रो ने भारत की आखिरी उम्मीद को भी खत्म कर दिया। इस बॉल में अंपायर से हुई गलती का वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उस वीडियो के अनुसार जिस गेंद पर धोनी आउट हुए वो नो बॉल थी।

दरअसल न्यूजीलैंड के 6 खिलाड़ी 30 गज के सर्किल से बाहर थे।नियमों के अनुसार अंतिम पावरप्ले में 5 फील्डर 30 गज के दायरे से बाहर खड़े हो सकते हैं, लेकिन इस गेंद के फेंके जाने से पहले जो ग्राफिक दिखाया गया उसके अनुसार उस समय न्यूजीलैंड के छह खिलाड़ी दायरे से बाहर खड़े थे। यहां यह याद रखना चाहिए कि यदि यह नो बॉल होती तब भी धौनी रन आउट हो सकते थे, क्योंकि नो बॉल पर बल्लेबाज रन आउट हो सकता है। 

बता दें कि भारत को अंतिम 10 गेंदों पर 25 रन की जरूरत थी, लेकिन गप्टिल की सीधी थ्रो ने धौनी को रन आउट कर दिया। पूरी भारतीय टीम 221 रन पर आउट हो गई और 18 रन से हार गई। फिलहाल जो जो ग्राफिक सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वो सही है या गलत इस बारे में कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

https://twitter.com/Harpals97639592/status/1149007982388305921
To Top