Sports News

भारत की सुपर गर्ल ने टी-20 में रचा इतिहास, जमाया सबसे तेज़ अर्धशतक, जरूर देखें ये कारनामा

हल्द्वानी: कुछ दिन पहले ही बेस्ट वनडे खिलाड़ी का खिताब अपने नाम करने वाली स्मृति मंधाना का शानदार फॉर्म जारी है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी-20 शानदार बल्लेबाजी करते हुए नया रिकॉर्ड अपने नाम किया। दुख इस बात का रहा कि मंधाना की ये पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।

भारत और न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम के बीच बुधवार को वेलिंगटन में खेले गए पहले टी-20 मैच में भारत  की बाएं हाथ की ओपनर स्मृति मंधाना ने धमाका कर दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम ने 4 विकेट पर 159 रन बनाए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। मंधाना के साथ पारी की शुरुआत करने उतरी प्रिया पुनिया 4 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद मंधाना ने जेमिमा रोड्रिग्ज के साथ बल्लेबाजी करते हुए धमाका कर दिया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी हुई।

मंधाना ने 24 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने भारत के लिए महिला क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले भी भारत के लिए सबसे तेज अंतरराष्ट्रीय टी-20 अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड मंधाना के ही नाम दर्ज था। उन्होंने 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ ये कारनामा किया था। तब मंधाना ने भारत की टी-20 कप्तान हरमनप्रीत कौर का रिकॉर्ड तोड़ा था। हरमन ने 29 गेंद में श्रीलंका के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था। वो इस सूची में तीसरे पायदान पर हैं।

सबसे रोचक बात ये है कि हरमनप्रीत कौर को टी-20 में भारत की सबसे धमाकेदार महिला बल्लेबाज माना जाता है लेकिन टीम इंडिया के लिए पांच सबसे तेज टी-20 अर्धशतक जड़ने के मामले में टॉप फाइव की सूची में मंधाना का चार बार नाम दर्ज है। उन्होंने ये सभी पारियां एक साल के अंतराल में खेली हैं। उन्होंने साल 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ 25 गेंद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 30 और 31 गेंद में अर्धशतक जड़े थे।

मंधाना ने 34 गेंद में 58 रन और रोड्रिग्ज  ने 33 गेंद में 39 रन की पारी खेली। स्मृति ने अपनी पारी में 7 चौके और 3 छक्के जड़े। मंधाना के आउट होने के बाद रोड्रग्ज भी जल्दी पवेलियन लौट गईं। इसके बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई और 19.1ओवर में 136 रन पर ढेर होकर मैच 23 रन से गंवा दिया।

To Top