Sports News

भारत ने वेस्टइंडीज को हराया, रोहित शर्मा ने स्थापित किए ये रिकॉर्ड्स

नई दिल्ली: भारत ने चौथे वनडे में वेस्टइंडीज को 224 रन से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला में 2-1 की अजेय बढ़त बनाई। भारत की ओर से रोहित शर्मा ने शानदार 137 गेंदों में 20 चौके और चार छक्कों की मदद से 162 रनों की पारी खेली। वहीं रायडू ने 81 गेंदों में आठ चौके और चार छक्के लगाते हुए 100 रन बनाए।

रोहित का यह वनडे करियर का 21वां शतक है जबकि रायडू का तीसरा। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 211 रनों की साझेदारी की। वनडे क्रिकेट में रोहित दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं जिन्होंने 7 बार 150 से ज्यादा रन बनाए हैं।

वहीं वो तीन बार दोहरा शतक जमा चुके हैं। रोहित ने सीरीज में गुवाहाटी वनडे के बाद यहां भी शतक लगाया। उन्होंने गुवाहाटी में 152 रन बनाए थे। वे एक सीरीज में दो बार 150+ स्कोर बनाने वाले दुनिया के दूसरे क्रिकेटर हैं। इससे पहले जिम्बाब्वे के हैमिल्टन मस्कादजा ने 2009 में केन्या के खिलाफ सीरीज में ऐसा किया था।

वनडे में रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी जीत

साल किसके खिलाफ जीत का अंतर जगह
2007 बरमूडा 257 रन पोर्ट ऑफ स्पेन (वेस्टइंडीज)
2008 हॉन्गकॉन्ग 256 रन कराची (पाकिस्तान)
2018 वेस्टइंडीज 224 रन ब्रेबोर्न, मुंबई (भारत)
2003 बांग्लादेश 200 रन ढाका (बांग्लादेश)

 

रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 1000 रन बनाने भारत के पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले सचिन तेंडुलकर, राहुल द्रविड़, विराट कोहली और सौरव गांगुली यह उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं। रोहित के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1593 और श्रीलंका के खिलाफ 1562 वनडे रन हैं। रोहित ने 24वीं पारी में यह आंकड़ा छुआ। विराट कोहली ने अपनी 21वीं पारी में वेस्टइंडीज के खिलाफ 1000 रन पूरे किए थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे कम पारियों में 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका हाशिम अमला के नाम है। अमला 14वीं और उनके हमवतन एबी डिविलियर्स 17वीं पारी में इस आंकड़े पर पहुंचे थे।

इसके अलावा रोहित ने छक्के जड़ने के मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सचिन तेंदुलकर ने 195 छक्के जड़े हैं रोहित ने 196 छक्के जड़कर ये रिकॉर्ड बनाया। सबसे ज्यादा छक्के मारने के मामले में एमएस धोनी पहले स्थान पर हैं. उन्होंने अब तक 211 छक्के जड़े हैं। रोहित शर्मा दूसरे ऐसे भारतीय खिलाड़ी हैं जिन्होंने वनडे में 196 छक्के जड़े।

 

To Top