Sports News

अंडर-19 विश्वकप में आगाज करेगी टीम इंडिया, शाश्वत रावत पर उत्तराखण्ड की नजर

हल्द्वानी: चार बार की विश्व चैंपियन टीम इंडिया आज श्रीलंका के खिलाफ अंडर-19 विश्वकप अभियान का आगाज करेगी। भारतीय टीम को अपने खिताब की रक्षा भी करनी है। भारत ने साल 2018 में न्यूजीलैंड में खेले गए विश्वकप जीता था। भारतीय टीम पर सभी की नजर रहेगी। उत्तराखण्ड अल्मोड़ा के रहने वाले शाश्वत रावत भी टीम का हिस्सा है। उत्तराखण्ड के क्रिकेट फैंस की नजर भी रावत पर रहेगी। इससे पहले उत्तराखण्ड के आर्यन जुयाल और कमलेश नगरकोटी साल 2018 में विश्वकप जीतने वाली अंडर-19 टीम का हिस्सा रहे थे।

बता दें कि बड़ोदरा के लिए इस सीजन डेब्यू करने वाले शाश्वत रावत ने अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी की 16 पारियों में 616 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 5 फिफ्टी भी जमाई। इसके अलावा चैलेंजर ट्रॉफी में इंडिया रेड की ओर से खेलते हुए शाश्वत ने शानदार शतक जमाकर सुर्खियां  बटोरी थी।

मौजूदा चैम्पियन भारतीय टीम अंडर-19 वर्ल्ड कप में आज श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी। यह मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के ब्लोमफॉनटेन में होगा। 4 बार की विजेता भारत को इस बार भी खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। भारतीय टीम ने पहला खिताब 2000 में मोहम्मद कैफ की कप्तानी में जीता था। पिछली बार 2018 में भारत ने पृथ्वी शॉ की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था। अंडर-19 का यह 13वां वर्ल्ड कप है। भारतीय टीम अब तक 4, ऑस्ट्रेलिया 3, पाकिस्तान 2 के अलावा इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका 1-1 बार यह खिताब जीत चुके हैं।

भारतीय टीम कुछ इस प्रकार है

प्रियम गर्ग (कप्तान), ध्रुव चंद जुरेल (उप-कप्तान और विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, दिव्यांश सक्सेना, शाश्वत रावत, दिव्यांश जोशी, शुभांग हेगडे, रवि बिश्नोई, आकाश सिंह, कार्तिक त्यागी, अथर्व अंकोलेकर, सुशांत मिश्रा और विद्याधर पाटिल।

भारत को ग्रुप-ए में रखा गया है, जिसमें जापान, न्यूजीलैंड और श्रीलंका भी हैं। ग्रुप बी में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, नाइजीरिया और वेस्टइंडीज हैं। ग्रुप-सी में बांग्लादेश, पाकिस्तान, स्कॉटलैंड और जिम्बाब्वे हैं, जबकि ग्रुप-डी में अफगानिस्तान, कनाडा, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) हैं। नाइजीरिया और जापान ने पहली बार क्वालिफाई किया है। हर ग्रुप से दो शीर्ष टीमें सुपर लीग में पहुंचेंगी। चार शहरों और आठ मैदानों पर कुल 24 मैच खेले जाएंगे। भारत की कप्तानी प्रियम गर्ग करेंगे।

To Top