Uttarakhand News

उत्तराखण्ड में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी रामनगर आ रही बस , 45 लोगों की मौत

हल्द्वानी:नैनीडांडा ब्लॉक में पिपली-भौन मोटर मार्ग पर एक बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 45 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 8 लोगों के घायल होने की खबर सामने आ रही है। इस हादसे के सामने आने के बाद पूरे राज्य में कोहराम मच गया है।

मीडिया में आई जानकारी के अनुसार दुर्घटना आज सुबह करीब 8:45 बजे की है।  एक प्राइवेट बस (यूके 12सी 0159) भौन से रामनगर जा रही थी। नैनीडांडा ब्लॉक में पिपली-भौन मोटर मार्ग पर क्वीन पुल के पास बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में 45 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर  घायलों को धुमाकोट अस्‍पताल में भर्ती कराया है और शवों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया।बताया जा रहा है कि बस 28 सीटर है और उसमें संख्‍या से ज्‍यादा यात्री सवार थे। बस सड़क से करीब 60 मीटर नीचे संगुड़ी गदेरे (बरसाती नाले) में गिर गई। जिला आपदा कंट्रोल रूम ने हादसे में 45 लोगों के मरने की पुष्टि की है।

वहीं जिलाधिकारी नैनीताल विनोद कुमार सुमन के आदेश पर अपर जिलाधिकारी हरवीर सिंह उप जिलाधिकारी रामनगर पारितोष वर्मा अप्पर पुलिस अधीक्षक नैनीताल हरिश्चंद्र सती घटना दुर्घटना स्थल पर के लिए रवाना हुए।बस दुर्घटना को देखते हुए जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन द्वारा हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी चिकित्सालय और प्राइवेट चिकित्सालय को हाई अलर्ट पर रखा है।सुशीला तिवारी अस्पताल में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य बांसवाड़ा के साथ ही सुशीला तिवारी के मेडिकल सुपरिटेंडेंट  जोशी डॉक्टरों की टीम के साथ अलर्ट पर हैं।

मुख्यमंत्री  त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने दुर्घटना में मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपए, घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि अविलम्ब उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। आवश्यक होने पर घायलों को उपचार के लिए देहरादून लाने के लिए हेलीकॉप्टर का भी प्रयोग किया जाए।

To Top