Uttarakhand News

बागेश्वर: घर वापस लौट रही थी बरात, खाई में गिरी कार, दूल्हे के पिता की मौत

हल्द्वानी:शादी की खुशियों को ऐसी नजर लगी जो शायद ही किसी ने सोचा हो। बागेश्वर में कांडा के पास सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां शादी कर बरात संग वापस लौट रही कार खाई में गिर गई। इस घटना में दूल्हे के पिता की मौत हो गई और 4 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। खबर के अनुसार शनिवार सुबह बरात में शामिल आल्टो कार संख्या यूके02/5754 बागेश्वर से धरमघर जा रही थी। इसी बीच कलना बैंड के पास कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर नीचे खाई में गिर गई। वाहन में 5 लोग सवार थे, जिसमें दूल्हे के पिता भी थे जिनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान विनोद पंत (58) पुत्र गोविंद बल्लभ पंत निवासी गोखुरी कांडा के रूप में हुई है।

वहीं हादसे में 25 वर्षीय मोनिका पंत पत्नी अखिलेश पंत, 50 वर्षीय प्रेम प्रकाश जोशी पुत्र डीएन जोशी निवासीगण गोखुरी कांडा, 55 वर्षीय हेमा जोशी पत्नी रमेश जोशी निवासी बाजपुर, ऊधमसिंह नगर व तीन माह के विवन पंत पुत्र अखिलेश पंत घायल हो गये।

मोनिका पंत की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों के सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बरात शुक्रवार की रात गोखुरी गांव से जिला मुख्यालय बागेश्वर आई थी। बारात आज सुबह 6 बजे विदा हुई। सुबह साढे़ आठ बजे कलना के पास कार दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिरी।

To Top