Nainital-Haldwani News

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनते ही बंशीधर भगत ने साधा लक्ष्य पर निशाना

हल्द्वानी: गुरुवार को भाजपा ने अपने नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर मोहर लगा दी। कालाढूंगी से विधायक बंशीधर भगत को ये जिम्मेदारी दी गई। अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने अपने लक्ष्य का ऐलान भी कर दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य भाजपा को साल 2022 में विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड जीत दर्ज करवाना है। चुनाव के समीकरण को समझने के लिए वह पूरे राज्य का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के जोश और उत्साह को टटोलेंगे और उसके बाद मार्च में नई टीम को सामने लाएंगे। इसमें थोड़ा वक्त लगेगा।

पहले मैं पूरे प्रदेश का दौरा करना चाहता हूं। संगठन के लोगों और कार्यकर्ताओं से संवाद करूंगा। उनसे फीडबैक लेने के बाद मार्च तक नई टीम की घोषणा कर दी जाएगी। अध्यक्ष पद मिलने पर उन्होंने कहा कि मैं लंबे वक्त से पार्टी से जुड़ा हूं। जीत हासिल की है। मेरे जीवन का यह सबसे महत्वपूर्ण दिन होगा। मैं केंद्रीय नेतृत्व का हृदय से आभारी हूं कि मुझे इस योग्य समझा गया। 

साल 2022 में विधानसभा चुनाव के प्लान पर उन्होंने कहा कि अभी वक्त जरूर है लेकिन मैं टीम बनाने की कोशिश करूंगा। सभी को साथ लेकर चलना जरूरी है खासकर युवाओं को आगें बढ़ाने की चुनौती से भी पार पाना होगा। मेरी कोशिश रहेगी कि संगठन और सरकार से जो अपेक्षाएं कार्यकर्ता कर रहा है, वो पूरी हों। केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा कई योजनाएं शुरू की गई है और उसे लोगों तक पहुंचाना भी जरूरी है। जनता को मालूम होना चाहिए कि सरकार हमारे लिए क्या कर रही है।

To Top