Uttarakhand News

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की पत्नी कोरोना वायरस से संक्रमित

देहरादून: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की पत्नी कोरोना पॉजिटिव आई हैं. उनकी पत्नी कांग्रेस की पूर्व सरकार में मंत्री रही हैं। सतपाल महाराज के घर को भी प्रशासन ने होम क्वारन्टीन का नोटिस चस्पा दिया है।

दून स्थित प्राइवेट लैब से उनके सैंपल की जांच रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई है। वह कुछ दिन पूर्व ही दिल्ली से लौटी थीं। बताया जा रहा है कि उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है। इधर, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज समेत अन्य लोगों को क्वॉरंटाइन किया गया है. सतपाल महाराज की पत्नी को कोरोना होने से उच्च अधिकारियों में भी हड़कम्प मच गया है।

बता दें कि उत्तराखंड में कोरोना वायरस के मरीजों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है. शनिवार को राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 749 हो गई है। राज्य में अब 31 कंटेनमेंट जोन हैं. स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार सैंपलिंग कर रही है।

मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने बताया कि प्रवासियों का उत्तराखंड में लौटने का सिलसिला जारी है। अब तक 2 लाख 62 हजार प्रवासियों ने राज्य में वापस आने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। अब तक 1 लाख 81 हजार प्रवासी राज्य में वापस आ चुके हैं।

To Top