Uttarakhand News

उत्तराखंड में तेज रफ्तार कार ने मचाया कोहराम, बाइक को मारी टक्कर, 2 की मौत

देहरादूनः राज्य में सड़क हादसे थमने का नाम नही ले रहे हैं। सड़क हादसों का मुख्य कारण यातायात के नियमों की अनदेखी करना होता है। ऐसा ही एक दर्दनाक सड़क हादसा रुड़की से सामने आया है। जहां रुड़की के भगवानपुर क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को ओवरटेक करते हुए पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी की बाइक सवार दोनों फैक्ट्री कर्मी हाईवे पर काफी दूर जाकर गिरे। हादसे में दोनों की मौत हो गई।

बता दें कि गोविंद (22) पुत्र हरपाल सिंह और बंटी (23) पुत्र शीशपाल निवासी सहारनपुर भगवानपुर स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे। दोनों एक ही बाइक पर ड्यूटी से आते जाते थे। बुधवार की रात दोनों एक बाइक पर बैठकर फैक्ट्री जा रहे थे। बाइक गोविंद चला रहा था, बंटी पीछे बैठा था। तभी अचानक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सिविल अस्पताल भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतकों के परिवारवालों ने आरोपी कार चालक के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने चालक को कार समेत पकड़ लिया।

To Top