Uttarakhand News

देहरादून: भारतीय खिलाड़ी के घर में घुसे बदमाश, गन प्वाइंट पर लूट को दिया अंजाम

देहरादून: राजधानी देहरादून में रविवार रात हुई घटना ने सनसनी मचा दी है। टीम इंडिया ए के खिलाड़ी अभिमन्यु ईश्वरन के घर पर बदमाशों ने बंदूक की नोंक पर लूट को अंजाम दिया। घटना रविवार रात 8.30 बजे के आसपास की है। वारदात के दौरान घर में अभिमन्यु ईश्वरन के पिता अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी के मालिक आरपी ईश्वरन, मां बेला ईश्वरन, नौकर और गार्ड मौजूद थे। बदमाशों ने सभी को बंधक बनाकर लूट को अंजाम दिया।

खबर के मुताबिक मैक्स हॉस्पिटल निकट आरपी ईश्वरन घर पर परिवार के साथ रविवार को भारत और साउथ अफ्रीका का मुकाबला देख रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग घर के परिसर में घुसे और घंटी बजाकर आरपी ईश्वरन के बारे में पूछने लगे। घर में घूसते ही 4 बदमाशों ने नौकर की कनपटी पर पिस्टल सटा दी। बदमाशों ने दोनों नौकरों आनंद और भवान को गन प्वाइंट पर ले लिया। उसके बाद बदमाश ऊपर वाले कमरे में पहुंचे जहां आरपी ईश्वरन और बेला ईश्वरन मौजूद थे। आरोपियों ने उन्हें भी बंदूक की नोक पर धमकाया। बदमाशों ने घर की अलमारियों में रखे गहने और नगदी समेट कर एक बैग में भर ली। जब वहां गार्ड पहुंचा तो उन्होंने उसे भी गन प्वाइंट पर ले लिया। उन्होंने सभी को बंधक बना लिया और लूट को अंजाम देकर फरार हो गए।

इसके बाद करीब 10 बजे आरपी ईश्वरन के रिश्तेजदार वहां पहुंचे। घर की चाबी बाहर पड़ी थी तो एसएसपी अरुण मोहन जोशी, एसपी सिटी श्वेता चौबे, सीओ मसूरी अरविंद सिंह रावत, एसओ राजपुर अशोक राठौर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खोला तो होश उड़ गए। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि बदमाश कितने गहने और नगदी ले गए हैं, इस बारे में अभी पीड़ित परिवार ने पूरी जानकारी नहीं दी है। उनसे इसका ब्यौरा मांगा गया है।

बदमाशों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। बता दें कि पुलिस ने शहर में नाकाबंदी की और दूसरी तरफ मौका मुआयना किया। फॉरेसिंक एक्सपर्ट और डॉग स्कवॉयड ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।  हैरानी की बात यह थी कि घटना स्थल से पुलिस चेक पोस्ट महज 100 मीटर दूरी पर है। इसके बावजूद बदमाशों ने परिवार को तकरीबन डेढ़ घंटे तक बंधक बनाकर रखा। पुलिस अपराधियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे डालने की बात कर रही है।

To Top