Nainital-Haldwani News

नैनीताल में विधायक चैंपियन का विवादित बयान,बोले-जिन्ना पीएम होते तो पाक नहीं होता

नैनीताल: अपने बयानों के कारण विवादों में रहने वाले भाजपा के विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन फिर से सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने महात्मा गांधी पर विवादित बयान दिया है। नैनीताल पहुंचे विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन ने महात्मा गांधी पर बांटो और राज करो की नीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 90 फीसद बहुमत के बाद भी सरदार पटेल के बजाय पंडित जवाहर लाल नेहरू को प्रधानमंत्री बनाया गया।

इसके बाद उन्होंने कहा कि यदि जिन्ना को प्रधानमंत्री बना दिया होता तो पाकिस्तान का जन्म ही नहीं होता। वर्तमान में विधायक देशराज कर्णवाल व विधायक चैंपियन के बीच विवाद चल रहा है। इससे सरकार व संगठन के समक्ष अजीबोगरीब स्थिति बनी हुई है। देशराज ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर चैंपियन समर्थकों के खिलाफ दर्ज मामले में दबाव बढ़ा दिया है, वहीं चैंपियन ने पिछले दिनों वीडियो के माध्यम से देशराज को चेतावनी दी। इसके बाद भाजपा ने इस विवाद के पटाक्षेप को कमेटी बना दी। सोमवार को हाई कोर्ट में एक याचिका दायर करने के लिए चैंपियन नैनीताल आए थे।

सोमवार को नैनीताल क्लब में कुंवर प्रणव चैंपियन ने मीडिया से बातचीत की। सोमवार को यातायात नियम का उल्लंघन करने पर कुंवर प्रणव चैंपियन का पुलिस ने चालान भी किया। पुलिस ने उलटी दिशा में वाहन ले जाने पर चैंपियन के वाहन समेत तीन वाहनों का चालान कर दिया।  शाम को पंत पार्क से मस्जिद तिराहा जाने के बजाय नियम तोड़ते हुए वह सीधे बीडी पांडे अस्पताल से मोहनको होते हुए नैनीताल क्लब लौटने लगे तो एएसपी रचिता जुयाल की नजर उन पर पड़ गई। उन्होंने तत्काल प्रभारी कोतवाल बीसी मासीवाल को मौके पर भेजा।

एसएसआइ ने नियम तोडऩे पर चैंपियन की फॉच्र्यूनर यूके-08 क्यू, 0123, स्कार्पियो यूके-08, एई, 0123 तथा स्विफ्ट डिजायर यूपी-70 सीके, 0661 का सौ-सौ रुपये का नगद चालान कर दिया। इस पर उन्होंने कहा कि पुलिस ने अपना काम किया है। उन्हें नहीं पता था कि ये वनवे है। मंत्री-विधायकों को भी कानून का पालन कर मिसाल कायम करनी चाहिए, यही उन्होंने किया।

To Top