Uttarakhand News

पिथौरागढ़ उपचुनाव: मयूख ने चुनाव लड़ने से मना किया, अब कांग्रेस ने अपनाया ये रुख

हल्द्वानी: पिथौरागढ़ में होने वाला उपचुनाव सुर्खियों में है। बात भले ही एक सीट की लेकिन कोई भी दल इसे हाथ से जाने नहीं देना चाहता है। वित्त मंत्री व विधायक प्रकाश पंत के निधन के बाद से यह विधानसभा सीट खाली है। उपचुनाव के लिए भाजपा ने चंद्रा पंत को प्रत्याशी घोषित किया है। चंद्रा पंत दिवंगत काबीना मंत्री प्रकाश पंत की पत्नी हैं। वहीं कांग्रेस  को चुनाव से पहले झटका लगा है। पूर्व विधायक मयूख महर ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। अब कांग्रेस के लिए सिर दर्द है कि चुनाव में जीत हासिल करने के लिए किस मजबूत प्रत्याशी पर वो दाव खेले। कांग्रेस ने प्रत्याशी की खोज जारी कर दी है। इस मुद्दे पर राष्ट्रीय नेता भी नजर बनाए हुए हैं।

पिथौरागढ़ विधानसभा उप चुनाव में सभी को उम्मीद थी कि कांग्रेस का चेहरा पूर्व विधायक मयूख महर होंगे। पहले मयूख के चुनाव लड़ने पर संशय जरूर था लेकिन कांग्रेस टीम को उम्मीद थी कि वह प्रत्याशी बनने के लिए हामी भर देंगे। उन्होंने मनाने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी कोशिश की। पूर्व विधायक ने तीन दिन का वक्त मांगा तो उम्मीद और बढ़ गई लेकिन बाद में उन्होंने चुनाव लड़ने से मना कर दिया।

अब मयूख के चुनाव लड़ने के बाद कांग्रेस टीम प्रत्याशी के चुनाव पर लग गई है। कहा जा रहा है कि पार्टी के स्तर से तीन नामों पर विचार किया जा रहा है। पार्टी अब इस कोशिश में है कि इस बार नए चेहरे को प्रत्याशी बनाया जाए। इसके लिए जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को भी टटोला जा रहा है। मयूख के चुनाव ना लड़ने का कारण सामने नहीं आया है।

कांग्रेस चुनाव को लेकर काफी सकारात्मक है। कांग्रेस की ओर से कहा जा रहा है कि भले ही मयूख ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया हो लेकिन वो प्रत्याशी के समर्थन के लिए प्रचार मैदान पर उतरेंगे। इसके बात ये भी सामने आ रहा है प्रत्याशी पूर्व विधायक की पंसद का हो सकता है। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के मुताबिक पार्टी ने नया प्रत्याशी तय कर लिया है। जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी।

To Top
Ad