Uttarakhand News

ठंड नही देगी राहत, विभाग का अलर्ट, इन स्थानों पर होगी बर्फबारी और ओलावृष्टि

हल्द्वानी: बर्फबारी के चलते पूरा राज्य ठंड की चपेट में हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के वजह से कई ग्रामीण इलाकों का सड़क, टेलीफोन और बाजार से संपर्क टूट गया है। कई स्थानों में 100 सालों के बाद बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद धूप भी देखने को मिल रही है और लोग उम्मीद कर रहे हैं अब ठंड कम होगी लेकिन ऐसा नहीं होने वाला है। मौसम विभाग की ओर से बड़ी जानकारी सामने आ रही है।

मौसम विभाग की ओर से 13 जनवरी को प्रदेशभर में एक बार फिर बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। अगले सप्ताह भी प्रदेशभर में कोहरे, पाले और बर्फबारी से लोग परेशान हो सकते हैं। वहीं शनिवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा। मैदानी इलाकों में कुछ जगहों पर सुबह घन कोहरा छाया रहा। हल्द्वानी की बात करें तो सुबह आंशिक बादलों के बीच सूरज निकला। धूप पड़ने के बाद भी लोगों को शीतलहर परेशान करती रही। इस बारे में मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा कि रविवार को भी प्रदेशभर में बादल छाए रहेंगे। कुछ जगह, खासकर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 13 जनवरी को देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी और नैनीताल में बारिश के साथ ही ओलावृष्टि हो सकती है। इसके अलावा 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। बर्फबारी से पहाड़ों में पाला पड़ने से जहां ठिठुरन ज्यादा होगी वहीं मैदानी इलाकों में कोहरा परेशान करने वाला है।

हिमाचल में भारी बर्फबारी के चलते चार दिन दुश्वारियां झेलने के बाद रविवार से दोबारा मौसम बिगड़ने जा रहा है। सोमवार को भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में भी सोमवार से मौसम बिगड़ने का अनुमान है। कश्मीर में रविवार को भारी बारिश और बर्फबारी होने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, उत्तराखंड में दोपहर बाद मौसम बिगड़ने से ठंड बढ़ गई है।मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 13 और 16 जनवरी के लिए चेतावनी जारी की है। 17 जनवरी तक मौसम खराब बना रहेगा। शनिवार को शिमला समेत कुछ इलाकों में बादल छाए रहे, जबकि रोहतांग दर्रा सहित कुल्लू-मनाली की ऊंची चोटियों में दोबारा बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। ठियोग में ठंड से एक युवक की मौत हो गई। उधर, प्रदेशभर में तीन एनएच समेत 632 सड़कें शनिवार को भी बंद रहीं। बर्फ से लकदक कई इलाकों का संपर्क  शनिवार को भी अन्य क्षेत्रों से कटा रहा।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में रविवार से मौसम एक बार फिर करवट बदलेगा। पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और कई मैदानी इलाकों में बारिश होगी। वहीं, लेह, पहलगाम और गुलमर्ग में शरीर को जमा देने वाली ठंड से जनजीवन अस्त व्यस्त है। कश्मीर के हर जिले में न्यूनतम तापमान माइनस से कई डिग्री कम रिकॉर्ड हुआ है। वहीं, उत्तराखंड के गढ़वाल में दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। 

ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से निचले क्षेत्रों में शीतलहर चलने लगी जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई। वहीं, धनोल्टी और चमोली के कई गांव बर्फ से अभी भी ढके हैं। चंबा-नई टिहरी मार्ग तीसरे दिन भी नहीं खुला। कुमाऊं मंडल के मुनस्यारी में पानी की लाइनें जमने से पेयजल की समस्या शनिवार को भी रही। काली नदी उद्गम स्थल कालापानी से गर्ब्यांग तक जम गई है। गर्ब्यांग से आगे 10 किमी तक नाले के रूप में बह रही नदी। थल-मुनस्यारी सड़क आठवें दिन भी नहीं खुली।

क्षेत्र               न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
लेह                               -18.2
केलांग                          -14.3
गुलमर्ग                          -12.6
पहलगाम                       -11.5
काजीगुंड                        -7.6
कल्पा                            -5.5
मनाली                          -2.8
श्रीनगर                         -2.1
सोलन                          -0.4
चंबा                              0.7
मंडी                             1.2
धर्मशाला                       2.6
शिमला                         3.0

To Top